दमोह सहित सभी जिलों को मिल रही हैं सड़कों की सौगात : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

रानी दमयंती पुरातत्व संग्रहालय को मिलेगा नया स्वरूप, श्री जागेश्वर नाथ लोक का भी होगा विकास
मुख्यमंत्री डॉ. यादव का नागरिकों और जनप्रतिनिधियों ने अभिनंदन कर विकास योजनाओं के लिए माना आभार

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि दमोह जिले को नई सड़कों की सौगत मिल रही है। इनमें दमोह-कटनी और दमोह-सागर फोर लेन रोड शामिल हैं। इनकी संयुक्त लागत साढ़े छह हजार करोड़ रूपये से अधिक है। इसके अतिरिक्त बांदकपुर में देव श्री जागेश्वर नाथ लोक के प्रथम चरण में 10 करोड़ रुपए की लागत से निर्माण कार्य हो रहे हैं। रानी दमयंती पुरातत्व संग्रहालय को नया स्वरूप प्रदान करने के लिए 20 करोड़ रुपए की राशि खर्च की जाएगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव सोमवार को (संवाद भवन) मुख्यमंत्री निवास में आयोजित अभिनंदन कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव का दमोह लोकसभा क्षेत्र के नागरिकों, विभिन्न संगठनों और जनप्रतिनिधियों ने विभिन्न विकास योजनाओं को लागू करने के लिए स्मृति चिन्ह भेंट करने के साथ पुष्पहार पहनाकर और साफा बांधकर अभिनंदन किया गया।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि बुंदेलखंड की धरती पर वीरों के शौर्य और आल्हा-ऊदल की वीरता के किस्से आज भी गली-गली में गूंजते हैं। सागर और दमोह केवल दो जुड़वाँ जिला मुख्यालय नहीं हैं, बल्कि ये बुंदेलखंड की आर्थिक, सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों के प्रमुख केंद्र बनकर उभरे हैं। बुंदेलखंड में पर्यटन, कृषि, व्यापार और उद्योग विकास की अपार संभावनाएं विद्यमान हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प के अनुरूप समृद्ध मध्यप्रदेश बनाने के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्ध है।

कनेक्टिविटी से विकास, सागर-दमोह के बीच बनेगा 4 लेन रोड

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि राज्य के प्रमुख नगरों और जिला मुख्यालयों तक बेहतर कनेक्टिविटी उपलब्ध करवाई जा रही है। अच्छी सड़कें विकास की संभावनाओं को साकार कर देती हैं। क्षेत्र विकास के लिये दमोह-सागर, दमोह-कटनी मार्ग को फोरलेन करने के लिए मंजूरी दी गई। इससे दोनों जिला मुख्यालयों के बीच आवागमन की सुविधा बढ़ेगी। मड़ियादो- रजपुरा और मड़ियादो-बनार- किशनगढ़ मार्गों का निर्माण भी किया जाएगा। दमोह- बांदकपुर मार्ग सहित तीन आरओबी का कार्य भी शीघ्र पूरा हो रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि हमारी सरकार का लक्ष्य है कि हर क्षेत्र में बेहतर सड़क, अच्छी शिक्षा, उत्तम स्वास्थ्य सुविधाएं और रोजगार के अधिक से अधिक अवसर मिलें। सागर और दमोह के बीच लगभग 2 हजार करोड़ की लागत से वर्तमान 76.83 किलोमीटर मार्ग को चार लेन किया जाएगा। इस परियोजना में 4 बायपास भी बनाए जाएंगे।

अच्छी सड़कें खोलेती है समृद्धि का मार्ग

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि अच्छी सड़कों से राज्य के किसानों को मंडी तक फसल ले जाने, विद्यार्थियों को स्कूल-कॉलेज जाने और मरीजों को समय पर अस्पताल पहुंचाने जैसे कार्यों में मदद मिलती है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि सड़कें केवल वाहनों के चलने का रास्ता नहीं होतीं, बल्कि रोजगार, निवेश, शिक्षा और समृद्धि का मार्ग भी खोलती हैं। हमारी सरकार एक ऐसे मध्यप्रदेश का निर्माण करना चाहती है, जहां विकास योजनाओं से अंतिम पंक्ति का व्यक्ति भी लाभान्वित हो। सच्चा वादा और पक्का काम हमारा मंत्र है।

दमोह में 337.30 करोड़ की लागत से मेडिकल कॉलेज

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि दमोह जिले में सिंग्रामपुर में कैबिनेट बैठक भी की जा चुकी है। सड़क और ओवर ब्रिज निर्माण के साथ ही जिले में कई शहरी विकास योजनाओं को क्रियान्वित किया जा रहा है। दमोह के 6 विकास खंडों में सांदीपनि विद्यालयों का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है, जो पूर्ण होने के करीब है। दमोह में 337.30 करोड़ रुपए की लागत से मेडिकल कॉलेज की शुरुआत होने जा रही है। यही नहीं, कृषि क्षेत्र में समृद्धि के लिए दमोह को विभिन्न सिंचाई परियोजनाओं और जल जीवन मिशन से जोड़ने का क्रम जारी है।

पर्यटन बढ़ने से होगा क्षेत्र का विकास

पर्यटन क्षेत्र को गति देने के लिए बांदकपुर में 10 करोड़ की लागत से देव श्री जोगेश्वर नाथ लोक के प्रथम चरण का निर्माण किया जा रहा है। नौरादेही स्थित वीरांगना अवंतीबाई लोधी नेशनल पार्क में चीतों का आवास होने से क्षेत्र के विकास को नई दिशा मिलेगी। यह प्रदेश में चीतों का तीसरा रहवास क्षेत्र है। तीन सिंचाई परियोजनाओं का क्रियान्वयन करीब 280 करोड़ की लागत से हो रहा है। यह परियोजनाएं शीघ्र पूरी हो रही हैं। दमोह को विकास की सौगातें मिलती रहेंगी।

उन्नत पशुओं की स्पर्धा

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि राज्य सरकार ने प्रदेश को दुग्ध उत्पादन के क्षेत्र में देश में प्रथम स्थान पर लाने के उद्देश्य से उन्नत मवेशी पालन को प्रोत्साहित किया है। जिलों में उन्नत पशुओं की स्पर्धा अयोजित कर पशुपालकों को पुरस्कृत करने की पहल की गई है।

सांसद श्री राहुल सिंह लोधी ने स्वागत भाषण दिया। कार्यक्रम में संस्कृति राज्य मंत्री श्री धर्मेंन्द्र सिंह लोधी, पूर्व मंत्री द्वय श्री जयंत मलैया, श्री रामकृष्ण कुसमरिया सहित दमोह क्षेत्र के जनप्रतिनिधि,नागरिक उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

सेवा संकल्प अभियान में मध्यप्रदेश, देश में प्रथम : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

आशीर्वाद का दीया कार्यक्रम में 3 करोड़ 88 लाख दीयें प्रज्ज्वलित किये गये
प्रदेश में 650 से अधिक रक्तदान शिविर हुए आयोजित
जबलपुर-भोपाल-इंदौर, नए इंडस्ट्रियल कॉरिडोर के रूप में होगा विकसित
मध्यप्रदेश की बड़ी उपलब्धि है, शालेय स्तर पर ड्राप आउट में कमी
25 की जगह 26 सितम्बर को होगा जन-विश्वास अभियान
23-24 अक्टूबर को इंदौर में सेमीकंडक्टर पर होगा बड़ा निवेशक सम्मेलन
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मंत्रि-परिषद की बैठक से पहले किया संबोधित

मुख्‍यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस के संदर्भ में आरंभ सेवा संकल्प अभियान में मध्यप्रदेश, देश में प्रथम स्थान पर है। आशीर्वाद का दीया कार्यक्रम में लगभग 3 करोड़ 88 लाख दीयें सम्पूर्ण मध्यप्रदेश में प्रज्ज्वलित किये गये। प्रदेश के लगभग 23 हजार आईकॉनिक एवं प्रमुख स्थलों पर रोशनी की गई। उज्जैन में 33 लाख से अधिक दीप प्रज्ज्वलित कर एक नया विश्व रिकॉर्ड बनाया गया। प्रदेश में 650 से अधिक रक्तदान शिविर आयोजित हुए, जिनमें लगभग 11 हजार यूनिट रक्त एकत्र हुआ। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने यह जानकारी मंत्रालय में सम्पन्न हुई मंत्रि-परिषद की बैठक से पहले अपने संबोधन में दी।

प्रधानमंत्री श्री मोदी सेवा यात्रा के प्रतिभागियों से करेंगे संवाद

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत वडनगर से वाराणसी सेवा यात्रा मध्यप्रदेश में प्रवेश कर चुकी है। आगामी 24 और 25 सितम्बर प्रधानमंत्री श्री मोदी, यात्रा के प्रतिभागियों से संवाद करेंगे और उनके यात्रा के अनुभव जानेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सभी मंत्रीगणों को अपने-अपने क्षेत्र में यात्रा की व्यवस्थाओं को लेकर जिला प्रशासन के साथ तैयारियों की समीक्षा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि 19 से 26 सितम्बर तक भाषण और चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित हो रही है। पहले 03 दिन में 36 हजार से अधिक स्कूल-कॉलेजों के 15 लाख से अधिक विद्यार्थी इनमें भाग ले चुके हैं। स्कूल-कॉलेजों में बड़ी संख्या में इन प्रतियोगिताओं में उर्जा और उत्साह से युवा शामिल हों, यह सुनिश्चित किया जाए।

 प्रदेश में बनेगी स्किल सिटी

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि जबलपुर-भोपाल-इंदौर एक नया इंडस्ट्रियल कॉरिडोर बनाया जाएगा। इस कॉरिडोर पर 04 बड़े औद्योगिक क्षेत्र विकसित किए जाएंगे और उनके साथ इंडस्ट्रियल टाउनशिप भी बनाई जायेगी। इन 04 औद्योगिक क्षेत्रों के विकसित होने पर आने वाले समय में 02 लाख से अधिक प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष रोजगार सृजित होंगे। प्रदेश के युवाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए इस कॉरिडोर पर स्किल सिटी बनाई जाएगी, जो विकसित मध्यप्रदेश की नई पहचान बनेगी। यहां हर साल 50 हजार से अधिक युवाओं का कौशल विकास और क्षमतावर्धन होगा। इससे युवाओं के कौशल विकास और रोज़गार के सपनों को नए पंख मिलेंगे। प्रदेश की यही उद्यमी, कुशल, कर्मठ, ऊर्जा से भरी युवा पीढ़ी विकसित मध्यप्रदेश की आधारशिला रखेगी।

प्रदेश में ड्राप आउट दर शून्य हुई

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश ने स्कूल शिक्षा के क्षेत्र एक बड़ी और ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। वर्ष 2002-03 में ड्रॉप आउट दर प्राथमिक स्तर पर 15% और माध्यमिक स्तर पर 24.70% थी। वर्ष 2025-26 में पहली बार प्राथमिक स्तर पर ड्रॉप आउट दर शून्य हो गई है। माध्यमिक स्तर पर यह दर घटकर 6.2% और सेकंडरी स्तर पर 13.0% रह गई है।

जन-विश्वास अभियान-2026

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि आगामी जन-विश्वास अभियान 25 सितम्बर का तय था। 25 सितम्बर को अनंत चतुर्दशी है, इसीलिए अगला जन-विश्वास अभियान 26 सितम्बर को आयोजित होगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव स्वयं मुरैना में जन-विश्वास अभियान में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मंत्रीगण को अपने-अपने क्षेत्रों में जन-विश्वास अभियान में शामिल होने के निर्देश दिए।

टेलीकॉम और सेमीकंडक्टर क्रांति की ओर बढ़ते कदम

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि ग्वालियर को हम देश के एक बड़े टैलीकॉम मैन्युफेक्चरिंग हब के रूप में विकसित कर रहे है। इस क्षेत्र में अधिक से अधिक निवेश कैसे आए, इस दृष्टि से आज 22 सितम्बर को बैंगलुरु में निवेश संवाद कार्यक्रम है। सेमीकंडक्टर सेक्टर के क्षेत्र में मध्यप्रदेश में निवेश की व्यापक संभावनाएं हैं। आगामी 23 और 24 अक्टूबर को इंदौर में बड़ा निवेशक सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है। इसमें सेमीकंडक्टर इंडस्ट्री से जुड़े निवेशक बड़ी संख्या में भाग लेंगे। टेलीकॉम और सेमीकंडक्टर दोनों क्षेत्रों में अधिक से अधिक निवेश लाने पर राज्य सरकार का लगातार फोकस रहेगा।

11 जिलों में हुई है सामान्य से कम वर्षा

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश में 01 जून से 21 सितम्बर तक 865 मिलीमीटर से अधिक वर्षा हो चुकी है। यह आंकड़ा सामान्य वर्षा लगभग 922 मिलीमीटर से लगभग 6% कम है। राहत की बात ये है कि प्रदेश के 37 जिलों में सामान्य वर्षा हुई है। प्रदेश के 07 जिलों में सामान्य से अधिक वर्षा हुई है। कुल 11 जिले ऐसे हैं, जहाँ सामान्य से कम वर्षा हुई है। अलिराजपुर, नर्मदापुरम, धार, रतलाम, झाबुआ, बैतूल और हरदा में वर्षा कम हुई है। मानसून की विदाई से पहले एक बार और बारिश की संभावनाएं जताई गयी हैं।

मध्यप्रदेश में 55 हुई चीतों की संख्या

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने जानकारी दी कि श्योपुर के कूनों के बाद अब गांधीसागर देश का दूसरा प्रमुख चीतों का आवास बन गया है। गांधी सागर में कूनों से लाकर मादा चीता को छोड़ा गया है। इसका नाम राधा रखा है। गांधीसागर में अब चीतों की कुल संख्या 04 हो गई है। अब मध्यप्रदेश में चीतों की संख्या 55 हो गई है।

एशियन गेम्स – 2026

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि जापान में चल रहे एशियन गेम्स में भारत का परचम लहराना प्रारंभ हो गया है। अब तक भारत कुल 04 रजत पदक एवं 02 कांस्य इस प्रकार कुल 06 पदक जीत चुका है। यह देश के करोड़ों खेल प्रेमियों के लिए ख़ुशी, गर्व और प्रेरणा का अवसर है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि भारतीय खिलाड़ी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर एशियाई खेलों में भारत को सरताज बनाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *